वर्ष 2020 के नाम पत्र
पता- श्रीमान वर्ष 2020 वर्तमान नगर शहर- जीवनगली *अप्रत्याशित परिवर्तनों व जीवन की अमूल्य नियामतों का महत्त्व समझाने वाला वर्ष-2020* प्रिय मित्र वर्ष-2020 तुम्हें प्यार भरा नमस्कार। मुझे आशा ही नहीं वरन पूर्ण विश्वास है कि तुम जिस उद्देश्य से आए थे उसमें अवश्य ही सफल हुए होगे। हम सब भी कुशल से हैं। आज मैं आपके साथ आपके आगमन से लेकर विदाई की बेला तक के अनुभव को साँझा कर रही हूँ। बस यूँ जानिए कि जो भी उतार-चढ़ाव आए उन्हें इस पत्र में उड़ेल देना चाहती हूँ। आपको एक यादगार विदाई देने की ख़्वाहिश है मेरी। मुझे याद है कि कैसे हम सभी जनवरी में बड़ी बेसब्री से आपके आने की राह देख रहे थे। नए-नए सपने और उम्मीदों की भारी-भरकम पोटली लेकर हमारे नयन आपको तक रहे थे। पर ये क्या आप आए तो लेकिन ऐसा लगा जैसे इस बार कुछ सबक सिखाने के लिए आए हैं। हम लोग बस भाग रहे थे, बिना रुके, बिना सोचे-समझे, आपने तो बस ब्रेक ही लगा दिया। वो भी ऐसा-वैसा ब्रेक नहीं एयर प्रेशर वाला ब्रेक। पूरी दुनिया की रफ़्तार थाम दी। ये भी कोई तरीका होता है क्या अपनी बात समझाने का भला? हाँ मैं समझती हूँ कि आप बताना चाहते थे कि ...